बिलासपुर में 22 नवंबर को होगा मैराथन.. 21 किमी की दौड़ में देशभर के धावक लेंगे हिस्सा….तेज क्लब की पहल पर होगा आयोजन…..36 विजेताओं को मिलेंगे एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार…. 450 से अधिक रजिस्ट्रेशन….

बिलासपुर–शहर को फिटनेस के प्रति जागरूक बनाने और रनिंग कल्चर विकसित करने के उद्देश्य से तेज क्लब 22 नवंबर को बिलासपुर मैराथन का आयोजन करने जा रहा है। गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम से शुरू होने वाली इस मैराथन में 3, 5, 10 और 21 किलोमीटर की चार श्रेणियों में दौड़छ आयोजित की जाएगी। आयोजन में बिलासपुर के अलावा लखनऊ, राजस्थान, बिहार सहित देश के अलग-अलग शहरों के धावक हिस्सा लेंगे। अब तक 450 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीयन हो चुका है, जबकि आयोजकों का लक्ष्य एक हजार धावकों को शामिल करने का है।

बिलासपुर प्रेस क्लब में आज तेज क्लब के आयोजक सृजन सोनी , प्रणय सिंह ठाकुर, आस्था खरे ने पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए बताया कि करीब डेढ़ साल पहले बिलासपुर में सात लोगों के साथ रनिंग कम्युनिटी की शुरुआत की गई थी। अगले सप्ताह यह संख्या 17 हो गई और आज प्रत्येक रविवार को होने वाले रन में कम से कम 200 लोग शामिल होते हैं। क्लब के व्हाट्सएप ग्रुप से करीब चार हजार लोग जुड़े हैं। आयोजकों का उद्देश्य रविवार की सुबह को केवल खान-पान और मेल-मुलाकात तक सीमित रखने के बजाय रनिंग और फिटनेस की आदत विकसित करना है।

टाइमिंग चिप से मापी जाएगी दौड़ की रफ्तार…..

इस बार मैराथन में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रत्येक धावक को टाइमिंग चिप दी जाएगी, जिससे वह अपनी दौड़ का समय और तय की गई दूरी का सटीक रिकॉर्ड जान सकेगा। आयोजकों के मुताबिक, इस तरह की सुविधा बड़े शहरों में होने वाली मैराथन में मिलती है। बिलासपुर के धावकों को भी अब उसी स्तर का अनुभव देने की तैयारी है। प्रतियोगिता में 36 विजेताओं के लिए कुल एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं।

सुबह 4.30 बजे से शुरू होगा आयोजन……

मैराथन के लिए सुबह 4.30 बजे रिपोर्टिंग रखी गई है। 21 किलोमीटर की दौड़ सुबह 5.30 बजे, 10 किलोमीटर की दौड़ 6 बजे, 5 किलोमीटर की दौड़ 6.30 बजे और 3 किलोमीटर की दौड़ सुबह 7 बजे शुरू होगी। तीन किलोमीटर की श्रेणी में बच्चे, परिवार और आम नागरिक भी हिस्सा ले सकेंगे। वहीं 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ में अन्य शहरों के धावकों को भी अवसर मिलेगा।

तीन आयु वर्ग और अलग-अलग पंजीयन शुल्क…..

प्रतियोगिता में 10 से 34 वर्ष, 35 से 50 वर्ष और 50 वर्ष से अधिक आयु के तीन वर्ग बनाए गए हैं। 3 किलोमीटर के लिए 400 रुपये, 5 किलोमीटर के लिए 600 रुपये, 10 किलोमीटर के लिए 800 रुपये और 21 किलोमीटर के लिए 1100 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीकृत धावकों को टी-शर्ट, मेडल और फूड बॉक्स दिया जाएगा। दौड़ पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को मेडल मिलेगा।

रूट पर रहेगी सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था…..

21 किलोमीटर की दौड़ मिनी स्टेडियम गांधी चौक से शुरू होकर तारबाहर चौक, अग्रसेन चौक, राजेंद्र नगर चौक, नेहरू चौक और महामाया चौक होते हुए कोनीपुर स्टेशन तक जाएगी। वहां से धावक यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। आयोजकों के अनुसार, पुलिस प्रशासन से सहयोग और अनुमति को लेकर चर्चा की गई है। दौड़ के दौरान मार्ग की एक तरफ आवाजाही बंद रखी जाएगी, जबकि दूसरी तरफ यातायात जारी रहेगा।

धावकों की सुरक्षा के लिए पूरे रूट पर स्वयंसेवक, साइकिल टीम, पानी और ओआरएस के काउंटर बनाए जाएंगे। केला, संतरा और नमक जैसी जरूरी खाद्य सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। दो एंबुलेंस, मेडिकल किट और फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था रहेगी। दौड़ के बाद प्रतिभागियों को नि:शुल्क फिजियोथेरेपी सुविधा भी मिलेगी। आयोजन के समापन पर कॉफी पार्टी के साथ संगीत और मनोरंजन का कार्यक्रम रखा गया है।

मैराथन के आयोजन में कैफे बड़ी एक्सप्रेसो टाइटल स्पॉन्सर है। इसके अलावा राज कंस्ट्रक्शन, एलसीआईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जेके लक्ष्मी सीमेंट, मोर ओवर कॉफी, पोस्टिकम, ब्रू शाला, एवॉल फिटनेस स्टूडियो, एमडी इवेंट्स, यूनियन बैंक सहित अन्य संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बिलासपुर में स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने की पहल है।

Related Articles

Back to top button