श्रीराम मंदिर तिलक नगर से निकली भव्य निशान यात्रा….. 2500 निशानों के साथ उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब….जयकारों से गूंजा बिलासपुर…..

बिलासपुर–श्री श्याम मंदिर के 16वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर आज 20 नवंबर को श्रीराम मंदिर, तिलक नगर से श्री श्याम प्रभु की भव्य निशान यात्रा श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ निकाली गई। निशान यात्रा में लगभग 2500 श्रद्धालुओं ने निशान लेकर बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था एवं समर्पण प्रकट किया। पूरे मार्ग में बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया और शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
निशान यात्रा का शुभारंभ श्रीराम मंदिर, तिलक नगर से हुआ। यहां से यात्रा देवकीनंदन चौक होते हुए सदर बाजार के निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ी और अंत में श्री श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष बात यह रही कि बारिश के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। लगभग 2500 निशानों के साथ निकली इस भव्य यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रतिकूल मौसम के बावजूद भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस धार्मिक आयोजन में राष्ट्र चिंतक पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। उन्होंने श्री श्याम मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए और इस भव्य धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने। उनके आगमन से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा वार्षिक उत्सव के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज शाम 7:15 बजे से रात्रि 12 बजे तक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन गायकों द्वारा बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। मंदिर समिति ने समस्त श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से भजन संध्या में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
इस भव्य निशान यात्रा एवं 16वें वार्षिक उत्सव के निशान यात्रा का शुभारंभ विधिवत निशान पूजन के साथ हुआ। श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मंगतराय अग्रवाल द्वारा निशान का पूजन किया गया। जिसके पश्चात निशान यात्रा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ रवाना हुई। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष मंगतराय अग्रवाल के साथ मधुसूदन झाझरिया, सीताराम जोशी, दीपराज उपाध्याय, कमल सोनी,संजय रजक,अनिल अग्रवाल,कैलाश मुरारका, किशोर मटोलिया,शरद मटोलिया एवं राहुल अरोड़ा सहित समस्त ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने आपसी सहयोग एवं समर्पण के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।


