मानसी लाॅज से शनिचरी रपटा तक सड़क निर्माण कार्य ने पकड़ी गति……डेढ़ किलोमीटर सड़क का डामरीकरण शुरू….. नगर निगम ने शुरू कराया कार्य…..तीन चरणों में होगा कार्य….

बिलासपुर–शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने तथा नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा सड़क निर्माण एवं डामरीकरण के कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में आज मानसी लाॅज से शराब दुकान होते हुए मुक्तिधाम और शनिचरी रपटा चौक तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क के डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस सड़क का निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मानसी लाॅज से शराब दुकान तक, दूसरे चरण में शराब दुकान से मुक्तिधाम तक तथा तीसरे चरण में मुक्तिधाम से शनिचरी रपटा चौक तक डामरीकरण किया जाएगा। नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से कार्य प्रारंभ कराते हुए सड़क निर्माण को जल्द पूरा करने की दिशा में पहल की गई है।

उल्लेखनीय है कि यह सड़क वसंत विहार चौक से शनिचरी रपटा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस मार्ग के डामरीकरण से क्षेत्र के नागरिकों एवं प्रतिदिन आवागमन करने वाले राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सड़क की स्थिति बेहतर होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों के उन्नयन एवं बेहतर सड़क अधोसंरचना विकसित करने के उद्देश्य से निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button