जनदर्शन में डिप्टी सीएम अरुण साव ने सुनीं आमजन की समस्याएं…..कहा समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता……आतंकी हमला को बताया कायराना….बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा–श्री साव

बिलासपुर-उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को नेहरू चौक स्थित शासकीय कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले एवं संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।

जनदर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कायराना आतंकी हमले में शहीद हुए छत्तीसगढ़ के श्रमिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। निर्दोष लोगों को धर्म के आधार पर निशाना बनाने वाले आतंकवादियों को उनकी इस कायराना हरकत का करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आतंक के खिलाफ केंद्र सरकार पूरी दृढ़ता के साथ कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

स्मार्ट मीटर को लेकर उठ रहे सवालों पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी पूरी प्रक्रिया कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार केवल पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है तथा भ्रम फैलाने की राजनीति से जनता को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए।

इससे पहले उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के कोन्हेर उद्यान में महान स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की 106वीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं स्कूली विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिलक का अमर उद्घोष “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा” आज भी राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और कर्तव्यबोध की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि तिलक जी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के माध्यम से साकार किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अरुण साव ने कहा कि आज देश जिन स्वतंत्र परिस्थितियों में आगे बढ़ रहा है, वह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकमान्य तिलक के आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button