
हरित क्रांति की ओर बड़ा कदम…. जल्द दौड़ेंगी 156 इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियाँ और 50 ई-बसें……
बिलासपुर– शहर अब “ग्रीन सिटी” की ओर तेजी से बढ़ रहा है। नगर निगम और रामकी एनवायरो ने मिलकर सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर ली है। जल्द ही शहर की सड़कों पर 156 इलेक्ट्रिक कचरा वाहन नजर आएंगे। इस पहल के तहत रामकी अपनी 100 पुरानी डीजल गाड़ियों को इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलेगा, जबकि नगर निगम आउटर इलाकों के लिए 56 नई ईवी खरीद रहा है। ये सभी वाहन डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए इस्तेमाल होंगे।
पर्यावरण के साथ-साथ खर्च में भी राहत
नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के मुताबिक, इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीदी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आगामी छह महीनों में ये वाहन शहर की सड़कों पर दौड़ने लगेंगे। इससे जहां डीजल के खर्च और मेंटेनेंस लागत में कमी आएगी, वहीं पर्यावरण को भी काफी लाभ पहुंचेगा।
सिर्फ सफाई नहीं, अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी होगा इलेक्ट्रिक
ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए शहर में 50 इलेक्ट्रिक बसें भी चलाई जाएंगी — इनमें 35 बड़ी और 15 छोटी बसें शामिल हैं। इन बसों के संचालन के लिए कोनी में अत्याधुनिक डिपो का निर्माण जारी है, जिसमें चार्जिंग स्टेशन, वर्कशॉप और कार्यालय की सुविधा होगी। इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत करीब 11.45 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
हरित और स्मार्ट बिलासपुर की ओर
इन प्रयासों से न केवल शहर की छवि सुधरेगी, बल्कि पर्यावरण सुरक्षा, नागरिकों के स्वास्थ्य में सुधार और ईंधन की बचत जैसे कई सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। बिलासपुर को स्मार्ट और स्वच्छ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।