जिले के 21 खिलाड़ियों को मिला राज्य खेल अलंकरण सम्मान….5 साल बाद हुए अलंकरण समारोह से खिलाड़ियों में उत्साह

बिलासपुर–खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 14 मार्च को राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में किया गया। जहां राज्य के 544 खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खेल अलंकरण सम्मान से नवाजा गया। जिले से विभिन्न पुरस्कारों की श्रेणी में 21 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। 5 साल बाद आयोजित हुए खेल अलंकरण पुरस्कार से खिलाड़ियों में उत्साह है। जिसके लिए राज्य सरकार को खिलाड़ियों ने धन्यवाद दिया।
बिलासपुर के विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार से नवाजा गया है। बिलासपुर की बेसबॉल टीम को 2019-20 में गुजरात के अहमदाबाद में हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री ट्रॉफी से नवाजा गया है। जिसके तहत टीम को 3 लाख रूपए का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया गया है। इसके साथ ही बेसबॉल के कोच अख्तर खान और सहायक कोच लखनलाल देवांगन को भी पुरस्कृत किया गया है। बेसबॉल खिलाड़ी राहुल सिंह ठाकुर को शहीद कौशल यादव पुरस्कार प्रदान किया गया। जिसके तहत उन्हें 1.50 लाख का चेक और प्रशस्ति पत्र दिया गया।
छत्तीसगढ़ बेस बॉल एसोसिएशन के सीनियर कोच अख्तर खान ने बताया कि सीमित संसाधनों में छत्तीसगढ़ स्कूल के मैदान में इन खिलाड़ियों को तैयार किया गया है जो अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।उन्होंने बताया कि बेस बॉल का निःशुल्क प्रशिक्षण उनके द्वारा दिया जाता है। खिलाड़ियों ने कहा कि लंबे समय बाद हुए अलंकरण समारोह में पुरस्कृत होना गौरव का क्षण था। शासन द्वारा खिलाड़ियों को दिए सम्मान से वे काफी खुश है। खेल को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
जिले की बेस बाल टीम के खिलाड़ी राहुल सिंह,देवराज अहिरवार, आदित्य सिंह,देव वर्मा,मनीष महिलांगे,आनंद बंजारे,शिवम रजक,अभय मंडल,त्रिलोकी यादव,सुजीत बंजारे,को संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री ट्रॉफी दिया गया है।जिले के खिलाड़ी गायत्री शिंदे को हॉकी,उमेश सिंह कबड्डी,रोहिणी साहू पैरालंपिक, शारदा पांडे एथलेटिक्स में शहीद वीर नारायण चौबे सम्मान, श्री इतवारी राज को वीर हनुमान सिंह सम्मान आर्चरी, किसराम पटेल पैरा तैराकी,राजेश साहू,आशीष पटेल को व्हील चेयर फैंसिंग में मुख्य मंत्री ट्रॉफी से नवाजा गया है।

Related Articles

Back to top button