
कार की डिक्की से मिला 520 नग प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप….दो आरोपी गिरफ्तार…..₹1.04 लाख से अधिक कीमत का कफ सिरप…. कार और 3 मोबाइल जब्त….दो सप्लायर फरार……
बिलासपुर-नशीले पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार की डिक्की से 520 नग प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना पर सरकंडा पुलिस की टीम ने बिरकोना रोड गैस गोदाम के पास घेराबंदी की। इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ। बरामद कफ सिरप का कुल वजन 85.02 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,04,780 है। आरोपियों द्वारा कफ सिरप रखने और बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने विधिवत जब्ती कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के अलावा एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी पुलिस ने मामले में मिथुन बघेल (28) पिता प्रेमलाल बघेल, निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा तथा अमन कुमार चौबे (26) पिता मनहरण चौबे, निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया है।वहीं पुलिस के मुताबिक राजा भोई और नीरज पटेल फरार हैं। दोनों पर गिरफ्तार आरोपियों को बिक्री के लिए कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस उनकी तलाश और मामले की आगे की जांच कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज…..
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में धारा 21, 22 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।



