देर रात कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग…. लाखों का सामान जलकर खाक…. कड़ी मशक्कत से दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू….

कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग.... लाखों का सामान जलकर खाक.... कड़ी मशक्कत से दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू

बिलासपुर- शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रताप चौक स्थित साक्षी गर्ल्स वेयर कपड़े की दुकान में देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 2:00 से 3:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक कृष्णा बनर्जी उस समय माल खरीदने के लिए दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें देर रात फोन के जरिए सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे तत्काल बिलासपुर लौटने के लिए रवाना हो गए।


इधर, आग लगते ही आसपास के स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दुकान संचालक के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का कपड़ा और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि आसपास की दुकानों को बड़ा नुकसान नहीं हुआ। आग की लपटें पास की दो दुकानों तक जरूर पहुंचीं, लेकिन स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया। इससे अन्य दुकानों में केवल मामूली नुकसान हुआ, जिसमें बिजली से जुड़े उपकरण आदि जलने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है और पुलिस व संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की वजह बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button