कोयले से भरा ट्रेलर पलटा…..मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत….. काम से घर लौट रहे थे दोनों भाई…..अनियंत्रित ट्रेलर के नीचे दबने से मौके पर गई जान….. परिवार के दो कमाऊ बेटों की मौत से गांव में मातम….. पुलिस जुटी जांच में……

बिलासपुर- जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलतरा में शुक्रवार को रात को एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार दोनों भाई ट्रेलर के नीचे दब गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बेलतरा निवासी संदीप रजक और प्रदीप रजक शिवम मोटर्स में कार्यरत थे। दोनों भाई रोज की तरह अपना काम खत्म कर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलतरा स्थित पेट्रोल पंप के पास कोरबा की ओर से आ रहा कोयले से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और वह पलट गया जिससे मोटरसाइकिल सवार दोनों भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और फिर संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गया। उसी समय वहां से गुजर रहे बाइक सवार दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए और ट्रेलर के नीचे दब गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वहीं रतनपुर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने लोडर मशीन की मदद से पलटे हुए ट्रेलर को हटवाकर उसके नीचे दबे दोनों युवकों के शव को बाहर निकाला गया।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद बेलतरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक दोनों भाई अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे। एक साथ दो जवान बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल रतनपुर पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button