
गुरु-चेला विवाद में किन्नर तन्नू खान की गला दबाकर हत्या…..घटना के चंद घंटे में आरोपी गिरफ्तार…
बिलासपुर-सकरी थाना क्षेत्र में गुरु-चेला विवाद को लेकर किन्नर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विवाद के दौरान किन्नर तन्नू खान की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी किन्नर रिया उर्फ राकेश को घटना के चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, थाना सकरी में अपराध क्रमांक 684/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किन्नर तन्नू खान निवासी चिल्हाटी की किन्नर वर्षा जान और जोकी निवासी किन्नर मीरा उर्फ आशीष से मित्रता थी और तीनों गुरु भाई के रूप में जुड़े हुए थे। वर्षा जान 17 जुलाई को दिल्ली से बिलासपुर आई थी, जिसे तन्नू खान ने पुराने बस स्टैंड स्थित एक होटल में ठहराया था।
पुलिस जांच के अनुसार, 20 जुलाई को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच वर्षा जान और तन्नू खान, मीरा के आग्रह पर उसके जोकी स्थित घर जाने के लिए तैयार हुए। रास्ते में किन्नर रिया उर्फ राकेश मिला, जिसे मीरा के कहने पर वे साथ लेकर घर पहुंचे। बाद में तन्नू और रिया स्कूटी से तालापारा स्थित अस्पताल में तन्नू की बड़ी मां को देखने गए। वहां से लौटते समय दोनों ने देशी शराब और मछली खरीदी और मीरा के घर पहुंचे, जहां सभी ने साथ में खाना-पीना किया।
इसी दौरान तन्नू खान ने रिया से उसके गुरु के संबंध में पूछा। किन्नर समाज में गुरु-चेला परंपरा को लेकर दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। पुलिस के अनुसार, तन्नू ने रिया से उसे अपना गुरु बनाने की बात कही, जबकि रिया ने किसी को गुरु मानने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। मीरा और वर्षा ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
इसके बाद दोनों को समझाने के लिए तालापारा निवासी राजा किन्नर से फोन पर संपर्क किया गया। समझाइश के बाद भी विवाद समाप्त नहीं हुआ और दोनों जोकी से तालापारा की ओर पैदल निकल गए। इस दौरान मीरा और वर्षा दोनों को खोजने के लिए निकले, लेकिन उनका पता नहीं चला। तन्नू के मोबाइल पर कई बार फोन किया गया, मगर संपर्क नहीं हो सका।
पुलिस पूछताछ में आरोपी रिया उर्फ राकेश ने कथित तौर पर गुरु-चेला विवाद के चलते तन्नू खान की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 21 जुलाई की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल, चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। मामले में थाना सकरी पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




