
छत्तीसगढ़ भाजपा किसान मोर्चा की नई टीम का एलान…..राकेश तिवारी को महामंत्री और बीपी सिंह को मिली प्रवक्ता की कमान….
रायपुर–छत्तीसगढ़ में किसानों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा ने किसान मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की सहमति से जारी इस सूची में बिलासपुर के राकेश तिवारी को प्रदेश महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मस्तूरी क्षेत्र के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक प्रतिनिधि बीपी सिंह को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। बीपी सिंह लंबे समय से मस्तूरी विधानसभा में संयोजक के तौर पर सक्रिय रहे हैं और उनकी पहचान एक मुखर नेता के रूप में होती है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस नई टीम का मुख्य काम किसानों से सीधा नाता जोड़ना और उनकी शिकायतों को सरकार तक पहुंचाना है। संगठन अब गांवों में बूथ स्तर तक जाकर अपनी पैठ बनाएगा ताकि आने वाले समय में राजनीतिक तौर पर मोर्चा पूरी तरह सक्रिय रहे।
इन चेहरों को मिली प्रदेश टीम में जगह
भाजपा ने अपनी नई टीम में अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन का तालमेल बैठाया है। प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में बबलू खेलावन शर्मा, मुन्ना लाल चौधरी, अनिल अग्रवाल, भुनेश्वर चन्द्राकर, यशवर्धन वर्मा और मनीषा चन्द्राकर को जिम्मेदारी दी गई है। ओमप्रकाश देवांगन भी राकेश तिवारी के साथ महामंत्री का पद संभालेंगे।
वहीं प्रदेश मंत्री के तौर पर संपूर्णानंद मिश्रा, सोयम मुक्का, मूलचंद लोधी, रत्तू राम गुप्ता, प्रशांत ठाकुर, राजेश साहू और देवेन्द्र कुमार को नियुक्त किया गया है। सुमित प्रताप सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है, जबकि विनय साहू, मोतीलाल और अमित अग्रवाल सह-कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं।
कार्यालय और प्रचार की जिम्मेदारी
संगठन के कामकाज को गति देने के लिए रविश गुप्ता को कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। नवीन कालिया और पवन अग्रवाल सह-कार्यालय मंत्री के रूप में काम करेंगे। किसानों तक पार्टी की बात पहुंचाने के लिए गौतम सोनकर, नरोत्तम चौहान और उषा वैष्णव को प्रचार-प्रसार की टीम में रखा गया है।
जमीन पर पकड़ मजबूत करने की तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीपी सिंह जैसे जमीनी नेताओं को अहम जिम्मेदारी देकर पार्टी ने मस्तूरी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बड़ा संदेश दिया है। बीपी सिंह संगठन की कार्यप्रणाली को अच्छे से समझते हैं, जिसका लाभ आने वाले समय में पार्टी को मिलेगा। किरण देव ने बताया कि नई कार्यकारिणी से उम्मीद है कि वे किसानों के हक के लिए प्रभावी ढंग से काम करेंगे और संगठन को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।




