
कोरबा में युवती की नृशंस हत्या, घर में अकेली थी रानू; धारदार हथियार से हमला, जांच में जुटी पुलिस….
कोरबा–छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके को दहला दिया है। दीपका थाना क्षेत्र के नागिन झोरखी इलाके में 24 वर्षीय युवती रानू साहू की अज्ञात हमलावर ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने धारदार हथियार से युवती के गले और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका सिर गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त रानू घर में अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के भीतर रानू को खून से सना हुआ फर्श पर पड़ा देख सन्न रह गए। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या धारदार हथियार से किए जाने की पुष्टि हुई है।
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका रानू साहू, रामकुमार साहू की इकलौती बेटी थी और उसका परिवार मजदूरी के सहारे जीवन यापन करता है। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इधर, दीपका वार्ड-1 के पार्षद कमलेश जायसवाल ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच में लगाया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।




