फोटो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपए ऐंठने वाली ब्लैकमेलर युवती गिरफ्तार…..

बिलासपुर–सोशल मीडिया पर निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक युवक से 2 लाख रुपए की उगाही करने वाली युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिया ने वीडियो वायरल करने, झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या करने की धमकी देकर प्रार्थी को लगातार ब्लैकमेल किया था। सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सराफा कारोबारी ने दिनांक 18.11.2026 को थाना सिटी कोतवाली में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपिया प्राची कश्यप (उम्र 20 वर्ष, निवासी लोफंदी, थाना कोनी) वर्ष 2025 में उनकी दुकान पर काम करने आई थी और करीब 3 महीने काम करने के बाद चली गई थी (जिसका पूरा भुगतान कर दिया गया था)।
इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। साथ में खींचे गए कुछ फोटोस का हवाला देकर आरोपिया ने उन्हें अन्य लोगों को वायरल करने और सामाजिक रूप से अपमानित करने की धमकी दी। लोक-लाज के भय से प्रार्थी ने ऑनलाइन और नगद के माध्यम से कुल 2,00,000 रुपए आरोपिया को दे दिए। इसके बावजूद आरोपिया लगातार फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी देती रही और पैसे न देने पर आत्महत्या करने की बात कहकर प्रार्थी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 692/2026, धारा 308(2), 296, 351(3) बीएनएस (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। उनके त्वरित निर्देशों पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 18.11.2026 को आरोपिया प्राची कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button