सड़क निर्माण कार्यों का निगम कमिश्नर ने किया निरीक्षण…..जिन सड़कों में डामरीकरण शेष,उन्हें शीघ्र प्रांरभ करें….. मंगला रोड,अटल पथ,बिरकोना रोड,साइंस कॉलेज और अपोलो रोड का निरीक्षण….31 नवंबर तक मरीमाई रोड,10 दिसंबर तक मंगला रोड पूरा करने के निर्देश….गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्ती, दिसंबर अंत तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश….लापरवाही और देरी पर ठेकेदारों की होगी जवाबदेही….. निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर होगी कार्रवाई.….

बिलासपुर–नगर पालिक निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने आज शहर में नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन विभिन्न सड़क परियोजनाओं और प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निगम कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि सभी सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक देरी या गुणवत्ता से समझौता पाए जाने पर ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को भी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंगला चौक से आजाद चौक तक सड़क निर्माण में डिवाइडर कार्य शीघ्र पूरा कर डामरीकरण के निर्देश…..
निगम कमिश्नर ने सबसे पहले मंगला चौक से आजाद चौक तक लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस परियोजना में सड़क निर्माण, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, पोल शिफ्टिंग, पेड़ों की शिफ्टिंग एवं अन्य आवश्यक कार्य शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिवाइडर निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण कर तत्काल डामरीकरण प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण को जल्द पूर्ण किया जा सके। साथ ही सीएसईबी के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित पोल शिफ्टिंग का कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य में बाधा न आए।

अटल पथ में डामरीकरण, रंगरोगन एवं सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश…..
निगम कमिश्नर ने इंदिरा सेतु से राम सेतु तक नदी के बाईं ओर 9 करोड़ 73 लाख की लागत से विकसित किए जा रहे अटल पथ का भी निरीक्षण किया। यहां डामरीकरण का कार्य शेष है, जिसे शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अटल पथ में शेष रंगरोगन, सौंदर्यीकरण एवं पौधरोपण सहित अन्य कार्यों को भी तत्काल शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने कहा गया।

17 अशोक नगर-बिरकोना गौरव पथ में डिवाइडर और पोल शिफ्टिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश….
इसके पश्चात निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने अशोकनगर से बिरकोना तक लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन गौरव पथ का निरीक्षण किया। सड़क में नाली निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि डब्ल्यूएमएम एवं डिवाइडर निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। निगम कमिश्नर ने डिवाइडर निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने तथा जहां पोल शिफ्टिंग का कार्य शेष है, उसे तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। सड़क की आवश्यक चौड़ाई सुनिश्चित करने के लिए जहां छोटे-मोटे अतिक्रमण बाधक बन रहे हैं, वहां नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
साइंस कॉलेज शनिचरी रपटा तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना में तेजी लाने के निर्देश…..
निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने साइंस कॉलेज रोड से शनिचरी रपटा तक लगभग 3 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क का भी निरीक्षण किया। लगभग 900 मीटर लंबी इस सड़क में चौड़ीकरण एवं नवीन सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। यहां नाली निर्माण एवं डब्ल्यूएमएम का कार्य प्रगतिरत है। निगम कमिश्नर ने सभी कार्यों को तेज गति से, निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपोलो रोड से शनिचरी रपटा सड़क में अलग-अलग चरणों में डामरीकरण की समयसीमा तय…..
अपोलो रोड से शनिचरी रपटा तक सड़क निर्माण परियोजना का निरीक्षण करते हुए निगम कमिश्नर ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की। वसंत विहार चौक से मानसी गेस्ट हाउस तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि मानसी गेस्ट हाउस से शराब दुकान तक डब्ल्यूएमएम का कार्य पूरा किया जा चुका है। इस हिस्से में 22 नवंबर से डामरीकरण प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। शराब दुकान से मुक्तिधाम तक डब्ल्यूएमएम का कार्य प्रगतिरत है, जिसे पूर्ण कर 25 नवंबर से डामरीकरण प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। निगम कमिश्नर ने पूरी सड़क परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
गुरूनानक चौक से राजकिशोर नगर सड़क पर डामरीकरण में तेजी लाने के निर्देश….
निगम कमिश्नर ने गुरूनानक चौक से शनिदेव मंदिर और शक्ति चौक तक निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण किया। यहां डामरीकरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने सड़क के शेष हिस्से में भी डामरीकरण कार्य तत्काल शुरू कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मरीमाई रोड का डामरीकरण नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश…..
निरीक्षण के अंतिम चरण में निगम कमिश्नर ने निर्माणाधीन मरीमाई रोड का जायजा लिया। लगभग 95 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही इस सड़क में डामरीकरण का कार्य नवंबर माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने सभी निर्माण स्थलों पर लगातार पानी का छिड़काव, उचित बैरिकेटिंग एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों के दौरान धूल से नागरिकों को परेशानी न हो और आवागमन सुरक्षित बना रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा ठेकेदारों से समन्वय कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निगम कमिश्नर ने सभी सड़क निर्माण परियोजनाओं को उनकी निर्धारित समयसीमा के भीतर, गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दिसंबर माह के अंत तक विभिन्न सड़क कार्यों को तय समयानुसार पूर्ण किया जाए। कार्यों में देरी या लापरवाही पाए जाने पर ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



