
पुराने विवाद में युवक पर जानलेवा हमला….बीच बाजार हुई चाकूबाजी…. वायरल वीडियो में खून से लथपथ युवक आरोपी से करता दिखा संघर्ष…तमाशबीन बाजार और लोग……चीखती रही घायल की पत्नी पर मदद के लिए किसी नहीं दिखाई हिम्मत….. सिम्स में भर्ती युवक हालत गंभीर……
बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत यदुनंदन नगर (तिफरा) में रविवार रात एक चाकूबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई।वही इस घटना का एक वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।जिसमें बेबसी और लाचारी का वह दृश्य देखने को मिला जो एक सभ्य समाज से उसकी उम्मीद नहीं की जा सकती।आपको बताते चले कि खून से लथपथ केवल गिरी गोस्वामी और उसकी पत्नी पूरे संघर्ष के साथ आरोपी युवक को पकड़ कर रखे रहे। इस पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो में आप देख सकते है कि कैसे घायल युवक जो चोटिल होने के बाद भी खून से लथपथ होकर पूरी हिम्मत के साथ वह आरोपी युवक से भिड़ता रहा जबकि आरोपी युवक उस पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।इस वीडियो में उसकी पत्नी भी हिम्मत दिखाते हुए अपने घायल पति के साथ उस आरोपी युवक को पकड़कर रखी हुई थी और वह भरे बाजार में चीखती पुकारती रही लेकिन पूरा बाजार तमाशबीन बनकर देखता पर किसी ने भी उस आरोपी को पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई।एक समय तक घायल युवक और उसकी पत्नी संघर्ष करते रहे और अत्याधिक रक्त स्राव होने के कारण वह पस्त हो गया और उसकी पकड़ ढीली होते चली गई।दरअसल यह मामला पुराने विवाद के चलते आरोपी गोलू उर्फ “सर्किट” ने युवक केवल गिरी गोस्वामी पर बीच बाजार में जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है।
फल दुकान के पास दिया वारदात को अंजाम……
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच यदुनंदन नगर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई। उस समय बाजार में काफी भीड़ थी। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने मुंह पर कपड़ा बांधकर आया और सीधे उस फल दुकान के पास पहुंचा, जिसे घायल युवक की पत्नी संचालित करती है। वहां पहुंचते ही आरोपी ने अचानक धारदार चाकू निकालकर केवल गिरी गोस्वामी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवक मौके पर ही लहूलुहान हो गया।इस बीच घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित खून से लथपथ हालत में आरोपी से संघर्ष करता नजर आ रहा है। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों का आरोप पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई……
घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि आरोपी गोलू ‘सर्किट’ लंबे समय से फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी न केवल युवक बल्कि उसके परिवार और बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकियां देता था। इस संबंध में पीड़ित की पत्नी द्वारा सिरगिट्टी थाने में दो बार शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
परिजनों का कहना है कि समय रहते पुलिस द्वारा शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण आरोपी के हौसले बुलंद थे, जिसके चलते आखिरकार उसने इस गंभीर वारदात को अंजाम दे दिया।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी सिरगिट्टी पुलिस…..
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
व्यापारियों और नागरिकों में आक्रोश व भय…..
भीड़भाड़ वाले बाजार में खुलेआम हुई इस चाकूबाजी की घटना के बाद यदुनंदन नगर और तिफरा क्षेत्र के व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों में भारी भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मुख्य और व्यस्त बाजारों में इस तरह सरेआम जानलेवा हमले होंगे, तो आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
फिलहाल, पीड़ित युवक सिम्स अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, और पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।



