महिलाकर्मी से चेन स्नेचिंग और मारपीट…

बिलासपुर- सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत संपदा कैंपस में एसईसीएल की एक महिला कर्मचारी के साथ सोने की चैन लूट और मारपीट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कूटी सवार एक अज्ञात बदमाश ने महिला के गले से दो तोले की सोने की चेन झपट्टा मारकर लूट ली और फरार हो गया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट भी की, जिससे उनके गले में गहरी चोटें आई हैं। घटना की तस्वीरें मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं।
क्या है पूरा मामला……?
पीड़िता सुमन सिंह संपदा कैंपस में रहती हैं और एसईसीएल में कार्यरत हैं। सोमवार रात करीब 9:00 बजे वह खाना खाने के बाद कैंपस में टहल रही थीं। पीड़िता ने बताया कि अमूमन वह रोज अपने पड़ोसियों के साथ टहलने जाती थीं, लेकिन सोमवार को वह अकेले ही टहल रही थीं।
इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक उनके पास आया और उसने रास्ता पूछते हुए कहा “बसंत कहां रहता है,जब तक महिला कुछ समझ पाती और जवाब देती, तब तक शातिर बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मार दिया।
विरोध करने पर की मारपीट….
बदमाश ने उनके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन खींच ली। जब सुमन सिंह ने इसका विरोध किया और चेन बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके गले और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी से तेजी से मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़िता से घटना की पूरी जानकारी ली।आरोपी की तलाश के लिए पुलिस कैंपस और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी में संदिग्ध युवक और उसकी स्कूटी साफ नजर आ रही है, जिसके आधार पर पुलिस हुलिये के जरिए आरोपी की पहचान करने और उसकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।



