बाल संप्रेषण गृह चौकीदार हत्याकांड….. फरार तीनों आरोपियों के मिले अहम सुराग, होगी जल्द गिरफ्तारी….. तलाश जारी…..परिजनों को भड़काने वालों पर भी होगी सख्त कार्रवाई….पुलिस प्रशासन की सख्त चेतावनी….

बिलासपुर-प्लेस ऑफ सेफ्टी (विशेष गृह) में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर चार किशोर अपचारियों के फरार होने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। शेष तीन फरार किशोर अपचारियों की तलाश में पुलिस की टीमें रायगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि घटना के बाद कुछ लोग मृतक के परिजनों को भड़काकर धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए उकसा रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और यदि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले तो उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि घटना के पहले दिन से ही मृतक परिवार को नियमानुसार सहायता और मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। वहीं, मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस और जिला प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जारी है तथा हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button