
15 नवंबर से पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा और 30 नवंबर तक रकबंधा तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण करने के निर्देश……निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने किया विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण……
बिलासपुर–नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत निर्माणाधीन आवासों, तालाब सौंदर्यीकरण तथा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने बहतराई और उस्लापुर स्थित गीतांजलि सिटी में प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को तेज गति से पूरा करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने उसलापुर स्थित एमपी गृह निर्माण समिति परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य की गति बढ़ाकर आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराया जा सके।
रकबंधा तालाब का सौंदर्यीकरण नवंबर तक पूरा करने के निर्देश…..
निगम कमिश्नर ने उसलापुर स्थित रकबंधा तालाब में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री नगोत्थान योजना के तहत करीब 2 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे इस कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और नवंबर माह तक कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब सौंदर्यीकरण में गुणवत्ता, उपयोगिता और स्थल की सुंदरता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
15 नवंबर से पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश…..
प्रकाश कुमार सर्वे ने उसलापुर के हाफा रोड स्थित चौराहे का भी निरीक्षण किया, जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जानी है। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना एवं स्थल विकास कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पूर्व 15 नवंबर तक प्रतिमा स्थापित करने के साथ स्थल में संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं, उन्होंने कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए।




