प्रेस क्लब की गतिविधियों और आयोजनों को स्मारिका में मिली जगह….. सुशांत शुक्ला ने किया विमोचन…..पत्रकारों की मौजूदगी में हुआ आयोजन….. अध्यक्ष अजीत मिश्रा का जन्मदिन भी मनाया….

बिलासपुर– बिलासपुर प्रेस क्लब ने अपनी गतिविधियों और सामाजिक दायित्वों को जनमानस तक पहुंचाने की दिशा में एक और पहल की है। वर्ष 2026 में अब तक आयोजित कार्यक्रमों, गतिविधियों और उपलब्धियों को संकलित कर प्रेस क्लब की स्मारिका प्रकाशित की गई है। बुधवार को राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित प्रेस क्लब परिसर में आयोजित समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने स्मारिका का विमोचन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा और वीरेंद्र गहवई उपस्थित रहे। इस अवसर पर शहर के लगभग सभी पत्रकारों की मौजूदगी ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।
स्मारिका में वर्ष 2026 के दौरान प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों को स्थान दिया गया है। इसके माध्यम से प्रेस क्लब की संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों और रचनात्मक पहलों को भी दस्तावेज के रूप में सहेजने का प्रयास किया गया है। आयोजन में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पत्रकारिता जगत की गतिविधियों को संकलित करने का अच्छा प्रयास बताया।

ये भी रहा खास संयोग…..

स्मारिका विमोचन समारोह का दिन प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के लिए दोहरी खुशी लेकर आया। बुधवार को ही उनका जन्मदिन भी था। ऐसे में स्मारिका विमोचन के उत्साह के बीच पत्रकारों ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर गीत-संगीत का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विमोचन समारोह के साथ जन्मदिन का यह संयोग आयोजन को और यादगार बना गया।

Related Articles

Back to top button