झाड़ियों के बीच बुजुर्ग महिला का मिला शव….सरकंडा पुलिस जुटी जांच में…

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नाले के किनारे झाड़ियों के बीच एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने की सूचना सामने आई। लगातार हो रही बारिश के बीच स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान प्रमिला बाई के रूप में हुई है, जो अटल आवास क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं।
बारिश के कारण शव नाले के किनारे झाड़ियों में पड़ा हुआ था। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस प्राकृतिक मौत, दुर्घटना या अन्य किसी संभावित कारण सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है।

Related Articles

Back to top button