पांच दिनों से लगातार आमरण अनशन जारी…..स्वास्थ्य पर पड़ने लगा असर…. किंतु प्रशासन बेखबर बीपी हुआ डाउन…. चिकित्सकों ने कम बातचीत की दी सलाह… अरपा पार पृथक नगर निगम की मांग पर अड़े अमित तिवारी…..

बिलासपुर– अरपा पार क्षेत्र के लिए पृथक नगर निगम की मांग को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच के संयोजक एवं संस्थापक अमित तिवारी का आमरण अनशन लगातार पांचवें दिन भी जारी है। लगातार अनशन के कारण अब उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ने लगा है। पांचवें दिन उनका ब्लड प्रेशर डाउन होने लगा है, जिसके कारण उन्हें बातचीत करने में भी परेशानी हो रही है। चिकित्सकों ने उन्हें अधिक बातचीत न करने की सलाह दी है।

जनहित से जुड़ी इस मांग को लेकर पांच दिनों से आमरण अनशन जारी रहने के बावजूद अभी तक प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा अमित तिवारी के स्वास्थ्य की सुध नहीं ली गई है। स्वास्थ्य में गिरावट के बीच भी उनका अनशन जारी है और वे अपनी मांग पर दृढ़ता से कायम हैं।

व्यापारी संघ सरकंडा ने दिया आंदोलन को समर्थन……

अरपा पार पृथक नगर निगम की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को अब व्यापारी वर्ग का भी समर्थन मिला है। कल व्यापारी संघ सरकंडा ने पृथक नगर निगम की मांग के समर्थन में सरकंडा की दुकानों को बंद रखने का आह्वान किया है। व्यापारी संघ ने क्षेत्र के विकास और पृथक नगर निगम की मांग के समर्थन में व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। व्यापारी संघ के इस समर्थन से आंदोलन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अमित तिवारी ने कहा कि वे जनहित की इस मांग को लेकर पूरी दृढ़ता के साथ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं सिर पर कफन बांधकर आया हूं और अंतिम दम तक संघर्ष करूंगा। जब तक मुझे ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता, मेरा आमरण अनशन जारी रहेगा।इधर, लगातार पांच दिनों से जारी आमरण अनशन और स्वास्थ्य में हो रही गिरावट के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से आंदोलन को लेकर स्थिति गंभीर होती जा रही है। वहीं व्यापारी संघ सरकंडा के समर्थन से आंदोलन को नई मजबूती मिली है। अब देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि अमित तिवारी के स्वास्थ्य की सुध लेते हुए अरपा पार पृथक नगर निगम की मांग पर कब तक कोई ठोस पहल करते हैं।

Related Articles

Back to top button