बिलासपुर में सड़कों की बदलेगी सूरत.…. मरम्मत और नवीनीकरण कार्यों में आएगी तेजी…..प्रमुख मार्गों पर जल्द शुरू होगा बीटी नवीनीकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिछेगा सड़कों का जाल…..

बिलासपुर–जिले में नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने और आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों की मरम्मत, बीटी नवीनीकरण और नवीन सड़क निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कई मार्गों पर मरम्मत कार्य जारी है, वहीं प्रमुख सड़कों पर बीटी नवीनीकरण कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए नवीन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्तमान में कुदुदंड-मंगला मार्ग, महामाया चौक से सेंदरी मार्ग, रमतला पहुंच मार्ग तथा नेहरू चौक से उसलापुर मार्ग पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इन मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त कर आवागमन को सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवाजाही में राहत मिलेगी।

इसी तरह शहर एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर बीटी नवीनीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इनमें राजेंद्र नगर चौक से तारबाहर चौक, देवकीनंदन चौक से महामाया चौक, संजय तरण पुष्कर से अग्रसेन चौक, सीपत से बलौदा मार्ग, पेंड्रीडीह से महामाया चौक तथा नेहरू चौक से दर्रीघाट मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों के नवीनीकरण से सड़क की सतह बेहतर होगी और नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात की सुविधा मिलेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए जोंधरा-सोन-बसंतपुर मार्ग, सोन से सोनसरी मार्ग, खमरिया-सोठी-नवापारा मार्ग तथा मल्हार-चिल्हाटी मार्ग पर नवीन सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित एवं प्रगतिरत हैं। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही गांवों का संपर्क बेहतर होगा। इससे स्थानीय व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

लोक निर्माण विभाग द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार और सुधार के लिए कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ ही यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।

Related Articles

Back to top button