
पूजा के दौरान दिए से भड़की आग, महिला गंभीर रूप से झुलसी…बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र की घटना….अपोलो अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक…..
बिलासपुर–जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाड़ा में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूजा-अर्चना के दौरान दिए की लौ से अचानक आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खाड़ा निवासी अहिल्याबाई सिदार (35 वर्ष), पति धर्मेंद्र सिदार, दोपहर करीब 2 बजे स्नान के बाद अपने घर में पूजा कर रही थीं। पूजा के दौरान जलाए गए दीये की लौ अचानक तेज हो गई और पास में रखे ज्वलनशील सामान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और महिला उसकी चपेट में आ गईं।
घटना के समय घर में मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी महिला को तुरंत अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला गंभीर रूप से झुलसी हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
सीपत थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे गांव में घटना को लेकर चिंता का माहौल है।




