गौ-तस्करों के मंसूबों पर गौ-सेवकों ने फेरा पानी… कत्लखाने ले जाए जा रहे 9 मवेशी बरामद….वाहन चालक और साथी पुलिस की गिरफ्त में… एक आरोपी मौके से फरार

बिलासपुर -तोरवा क्षेत्र में गौ-सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं की सतर्कता से मवेशी तस्करी का एक बड़ा मामला विफल हो गया है। तस्कर एक मालवाहक वाहन में भरकर 9 भैंस-भैंसों को कत्लखाने ले जाने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पीछा कर उन्हें दबोच लिया गया। पूरा मामला बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां बीती रात करीब 9:40 बजे गौ-सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं को मवेशी तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कछार जयरामनगर से एक अशोक लीलैंड माजदा वाहन में लगभग 9 भैंस-भैंसों को क्रूरतापूर्वक भरकर कटिंग के लिए ले जाया जा रहा था।सूचना मिलते ही ग्राम महमंद निवासी गौ-सेवक पुष्पेंद्र चौबे और उनके संगठन के अन्य कार्यकर्ता सक्रिय हो गए।

उन्होंने संदिग्ध वाहन का पीछा करना शुरू किया और घेराबंदी करते हुए तोरवा के ढेका इलाके में वाहन को रोकने में सफलता हासिल की। वाहन को रोकने पर उसमें सवार तस्करों में हड़कंप मच गया। गाड़ी में ड्राइवर आकाश नागर के साथ दो अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान एक आरोपी लच्छन यादव अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार होने में कामयाब रहा।गौ-सेवकों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और पकड़े गए दोनों आरोपियों तथा उत्तर प्रदेश पासिंग वाहन को मवेशियों सहित तोरवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आवेदक ने इस गिरोह में अन्य साथियों के भी शामिल होने की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल तोरवा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6 और 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।




