
नीट पेपर लीक से प्रभावित छात्रों का एजुकेशन लोन माफ करे सरकार– सिद्धांशु मिश्रा,महेंद्र गंगोत्री……छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का हर्जाना दे सरकार….. शिक्षा ऋण माफी की मांग– कांग्रेस
बिलासपुर– नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा एवं जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा है कि परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। वर्षों की मेहनत, आर्थिक संसाधनों और सपनों पर पानी फिरने से विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए देशभर के लाखों छात्र महंगी कोचिंग, अध्ययन सामग्री और आवासीय सुविधाओं पर भारी खर्च करते हैं। कई परिवार अपनी सीमित आय के बावजूद शिक्षा ऋण लेकर बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं। लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने उनकी मेहनत और विश्वास दोनों को आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों की है, छात्रों की नहीं। ऐसे में प्रभावित विद्यार्थियों को राहत प्रदान करना सरकार का नैतिक दायित्व है। कांग्रेस ने मांग की है कि नीट पेपर लीक से प्रभावित विद्यार्थियों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए तथा शिक्षा ऋण को पूरी तरह माफ किया जाए। देश का युवा आज रोजगार, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं का मनोबल तोड़ने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल जांच और कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के नुकसान की भरपाई के लिए ठोस कदम भी उठाने चाहिए।
सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि नीट पेपर लीक केवल एक परीक्षा में हुई गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों पर चोट है। जिन परिवारों ने कर्ज लेकर अपने बच्चों को पढ़ाया है, उन्हें राहत देने के लिए एजुकेशन लोन माफ किया जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि युवाओं की मेहनत और अभिभावकों की गाढ़ी कमाई को इस तरह बर्बाद नहीं होने दिया जा सकता। सरकार प्रभावित छात्रों को आर्थिक सहायता दे और शिक्षा ऋण माफी का निर्णय लेकर न्याय सुनिश्चित करे।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाए तथा प्रभावित छात्रों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।



