छात्र आंदोलन का असर……अटल बिहारी वाजपेयी विवि प्रशासन ने मानी अधिकांश मांगें…. अव्यवस्था पर कुलसचिव को मिली फटकार….

बिलासपुर–अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के शिक्षण विभाग (UTD) के छात्र-छात्राओं का आक्रोश सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में फूट पड़ा। छात्रहित से जुड़ी सात सूत्रीय मांगों को लेकर 200 से अधिक विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। घंटों चली तीखी बहस और नारेबाजी के बाद आखिरकार विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की मांगों के आगे झुकना पड़ा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं कुलपति प्रो. ललित प्रकाश पटेरिया प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच पहुँचे। विभागाध्यक्षों की मौजूदगी में छात्र प्रतिनिधियों के साथ हुई लंबी चर्चा के बाद अधिकांश मांगों पर सहमति बन गई। इस दौरान परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर कुलपति ने छात्रों के सामने ही कुलसचिव को कड़ी फटकार लगाई।

छात्रों की प्रमुख मांगें जिन पर बनी सहमति…..

परीक्षा समय-सारणी में बदलाव……

यूजी (UG) और पीजी (PG) सेमेस्टर की कठिन परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतराल बढ़ाने पर प्रशासन ने सहमति जताई है। छात्रों की मांग थी कि टाइम-टेबल केवल शिक्षकों के बजाय छात्रों से चर्चा कर तय किया जाए।


हाई-स्पीड इंटरनेट और सुरक्षा…..

पूरे कैंपस में बीएसएनएल (BSNL) के माध्यम से सुचारू LAN कनेक्टिविटी और हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला। साथ ही कैंपस व पार्किंग क्षेत्र में नए CCTV कैमरे लगाने और पुराने कैमरों को दुरुस्त करने पर सहमति बनी।

लिफ्ट का तत्काल सुधार….

छात्रों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए परीक्षा से पूर्व विश्वविद्यालय की खराब पड़ी लिफ्ट का मेंटेनेंस कराकर उसे चालू करने का निर्णय लिया गया।

अनुशासनात्मक कार्रवाई: कॉमर्स विभाग में हाल ही में छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

छात्रवृत्ति और SC/ST सेल की जवाबदेही….

छात्रवृत्ति के नाम पर विद्यार्थियों से जबरन भरवाए जा रहे अंडरटेकिंग फॉर्म और SC/ST सेल के प्रभारी की लापरवाही पर कुलपति ने संज्ञान लेते हुए जवाबदेही तय करने की बात कही।

प्रशासनिक जवाबदेही की मांग……

छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने बताया कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े इन मुद्दों का निराकरण बेहद जरूरी था। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता नीरज यादव, यश अवस्थी, लक्की, सारांश, रुद्राक्ष, मानस, मनीष, तुषार, शिवांश, रोहन और बंटी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button