बिलासपुर पुलिस का नशे के विरुद्ध करारा प्रहार…..थाना चकरभाठा व ACCU की क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार….

बिलासपुर-जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार मानी जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना चकरभाठा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर नशेड़ियों को बेचने के लिए क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने हिंर्री माइंस, तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
मोहित हिंदूजा, पिता टीकम दास, उम्र 32 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड नं. 07
करन दीप सिंह, पिता सुखविंदर सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड नं. 12
आर. रजिंदर कुमार, पिता मुख्तियार लाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन (पंजाब)
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी करन दीप सिंह दूसरे राज्य से मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को सप्लाई करता था। इसके बाद मोहित हिंदूजा अपने साथी आर. रजिंदर कुमार के साथ मिलकर इन मादक पदार्थों को ऊंचे दामों पर नशेड़ियों को बेचता था। इस तरह तीनों मिलकर जिले में नशे का अवैध नेटवर्क चला रहे थे।

इसी क्रम में पुलिस ने बताया कि जिलेभर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 07 अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने
करीब 1300 नशीली टैबलेट,
400 एमएल एविल इंजेक्शन,
एवं 02 किलोग्राम गांजा
जप्त किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बिलासपुर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे के अवैध नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Related Articles

Back to top button