
कांग्रेस नेता के व्यावसायिक परिसर में भीषण आग…बड़ा हादसा टला… शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका….लोगों की मदद व दमकल और पुलिस की तत्परता से आग पर पाया काबू…..
बिलासपुर-शहर के सबसे बड़े व्यावसायिक केंद्र व्यापार विहार में सोमवार की रात लगभग 10 से 10:30 बजे के बीचअफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य मार्ग स्थित डॉ. शिव दुलारे मिश्रा परिसर के प्रथम तल पर संचालित LIC कार्यालय से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों और लोगों ने तत्काल फायर सेफ्टी सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम व 2 दमकल मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों और कार्यालयों तक नहीं फैल सकी। यदि आग फैल जाती तो व्यापार विहार जैसे घनी आबादी वाले व्यावसायिक परिसर में बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था घेरा कर लोगों की आवाजाही रोक दी और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण कार्यालय में कंप्यूटर के पास लगे विद्युत बोर्ड में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है।
आग की चपेट में आने से कार्यालय के भीतर रखा फर्नीचर, टेबल, कंप्यूटर सहित कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दमकल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई, जिससे व्यापारियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।



