ना बीमारी सह पा रहा, ना दवा खरीद पा रहा…..सिम्स के मरीज की जनदर्शन में मार्मिक पुकार – ‘साहब, इलाज पूरा करा दो!…….

बिलासपुर-आर्थिक तंगी के कारण इलाज के लिए जरूरी दवाइयां खरीद पाने में असमर्थ एक मरीज ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर दवा उपलब्ध कराने के लिए सहायता की गुहार लगाई है। रपटा चौक, चांटीडीह निवासी भारत लाल विश्वकर्मा, पिता स्व. भानु प्रसाद विश्वकर्मा ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अपनी आर्थिक स्थिति से अवगत कराया।
आवेदन में भारत लाल विश्वकर्मा ने बताया कि वह चर्मरोग से पीड़ित हैं और उनका उपचार सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में चल रहा है। चिकित्सकों द्वारा उपचार के दौरान कुछ ऐसी दवाइयां बाहर से खरीदने के लिए लिखी गई हैं, जिनकी कीमत वह अपनी आर्थिक स्थिति के कारण वहन करने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि बीमारी के उपचार के लिए नियमित रूप से दवाइयों का सेवन आवश्यक है, लेकिन आर्थिक अभाव के चलते दवा खरीदने में परेशानी हो रही है। ऐसे में इलाज प्रभावित होने की चिंता भी बनी हुई है।
भारत लाल विश्वकर्मा ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपते हुए प्रशासन से बाहर से खरीदने के लिए लिखी गई आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने अथवा दवा खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए मानवीय आधार पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदक ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन उसकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि आर्थिक तंगी के कारण उसका इलाज प्रभावित न हो और उसे समय पर जरूरी दवाइयां मिल सकें।

Related Articles

Back to top button