
तोखन साहू की पहल पर माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी होगा ₹200 का स्मारक सिक्का….
नई दिल्ली– शदाणी दरबार, रायपुर की पंचम पीठाधीश पूज्य माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर ₹200 मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करने की दिशा में केंद्रीय राज्य मंत्री आवासन एवं शहरी कार्य तथा बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू के प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।तोखन साहू ने 30 जून 2026 को केंद्रीय वित्त मंत्री को पत्र लिखकर माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में ₹200 मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करने का आग्रह किया था। उनके इस आग्रह पर भारत सरकार ने 9 जुलाई 2026 को भारत के राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर स्मारक सिक्के के निर्गमन को अधिसूचित कर दिया है।इस संबंध में केंद्रीय राज्य मंत्री वित्त पंकज चौधरी ने 7 अगस्त 2026 को श्री तोखन साहू को पत्र भेजकर भारत सरकार के निर्णय की जानकारी दी। पत्र में उन्होंने बताया कि माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर ₹200 मूल्यवर्ग के स्मारक सिक्के के निर्गमन हेतु राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है। तोखन साहू की पहल से छत्तीसगढ़ की महान आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। स्मारक सिक्का जारी किया जाना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है।




