
ऑपरेशन सिंदूर पर पायलट का सख्त रुख…..कहा भारत के राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं होगा…..
बिलासपुर– छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में आयोजित संविधान बचाओ रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में केंद्र सरकार पर तंज कसा और कहा कि अब सरकार सहयोगी दलों के सहारे ही टिकी है। पायलट ने यह भी कहा कि जिस तरह पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने ‘400 सीटों’ का दावा किया था, वह केवल 240 सीटों तक सीमित रह गई।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों को दबाने के लिए कर रही है। कांग्रेस को मजबूत कर पूरे विपक्ष को एकजुट करने का काम चल रहा है। सचिन पायलट ने संविधान बचाओ रैली के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि संविधान को खत्म करने की कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस जनता के बीच जागरूकता बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जनता ने केंद्र सरकार को जनादेश नहीं दिया है, जो इस सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
सचिन पायलट ने ऑपरेशन सिंदूर पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि अमेरिका की युद्धविराम घोषणा के बाद भी यह मामला पंचायती फैसला नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत 140 करोड़ की आबादी वाला देश है और किसी भी दबाव या डॉलर के कारण राष्ट्रीय हित से समझौता स्वीकार्य नहीं होगाकश्मीर मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान का विषय है और इसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर संसद एकजुट होकर देखे। आतंकवाद से कांग्रेस का संघर्ष पुराना है और इसे जड़ से खत्म करना जरूरी है। कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बनने नहीं दिया जाएगा।इसके अलावा, सचिन पायलट ने ऑपरेशन सिंदूर पर कांग्रेस के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस आतंकवाद के खिलाफ सरकार के साथ है और वे विश्व स्तर पर पाकिस्तान की हिमाकत को उजागर करेंगे। उन्होंने मध्य प्रदेश के मंत्री के बयान पर भी खुशी जताई और भारतीय सेवा के पराक्रम पर गर्व व्यक्त किया।