शासकीय पट्टे की जमीन को अपनी बताकर 45 लाख से अधिक की ठगी….दो आरोपी गिरफ्तार…..

बिलासपुर–शासकीय जमीन को अपना बताकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।जहां इन दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी दीपक सोनी (निवासी – विजयापुरम कॉलोनी, सरकंडा) ने थाना सिविल लाईन में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि महर्षि स्कूल रोड, मंगला (गीतांजलि पार्क के पहले) स्थित भूमि का सौदा आरोपी सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे के माध्यम से तय हुआ था। यह जमीन सैय्यद शमशाद अली और उनकी पत्नी कमरूनिशा के नाम पर बताई गई थी।

सौदा तय होने के बाद प्रार्थी द्वारा अलग-अलग किस्तों (ऑनलाइन, आरटीजीएस और नगद) के जरिए कुल ₹45,21,000/- (पैंतालीस लाख इक्कीस हजार रुपये) सैय्यद शमशाद अली और उनकी पत्नी को दिए गए थे।

राजस्व न्यायालय में लंबित था प्रकरण

रकम देने के बाद जब प्रार्थी ने जमीन का सीमांकन कराकर रजिस्ट्री करने को कहा, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। प्रार्थी द्वारा जब इस भूमि की ऑनलाइन जांच कराई गई, तो पता चला कि यह शासकीय पट्टे की भूमि है।

पुराने रिकॉर्ड की जांच करने पर यह भी सामने आया कि उक्त भूमि का प्रकरण राजस्व न्यायालय में पहले से लंबित है। आरोपियों को इस बात की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने बेईमानी के आशय से प्रार्थी से सौदा कर ठगी की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई……

मामला दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशानुसार सिविल लाईन पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के ठिकानों पर रेड मारी और उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी सैय्यद शमशाद अली (उम्र 71 वर्ष), निवासी – तालापारा, बिलासपुर।सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे (उम्र 42 वर्ष), निवासी – चकरभाठा, बिलासपुर इन दोनों आरोपियों को दिनांक 26.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button