गरीबों को क्यों घुमाते हैं आप लोग…. छह महीने के बकाया वेतन पर ठेकेदार और अधिकारियों पर भड़कीं महापौर पूजा विधानी…..

बिलासपुर– नगर निगम में कर्मचारी के वेतन भुगतान में देरी का मामला सामने आया है। छह महीने तक काम करने के बावजूद एक वाहन चालक को करीब एक साल से अपने वेतन का इंतजार है। परेशान होकर जब चालक महापौर पूजा विधानी के पास पहुंचा, तो महापौर ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को फोन लगाकर जमकर फटकार लगाई और जल्द भुगतान के निर्देश दिए।
पूरा मामला बिलासपुर नगर निगम की वाहन शाखा का है, जहां डंपर चालक राकेश शर्मा ने वर्ष 2025 में जोन क्रमांक 7 और 8 में छह महीने तक काम किया था। आरोप है कि काम करने के बावजूद उसे अब तक संबंधित अवधि का वेतन नहीं मिला।
अपने मेहनताने के लिए लंबे समय से अधिकारियों और ठेकेदार के चक्कर लगा रहे राकेश शर्मा ने आखिरकार महापौर पूजा विधानी के सामने अपनी समस्या रखी।
कर्मचारी की परेशानी सुनते ही महापौर नाराज हो गईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को फोन लगाकर सवाल किया— “गरीबों को क्यों घुमाते हैं आप लोग? जब कर्मचारी ने काम किया है, तो उसका वेतन क्यों नहीं दिया जा रहा।
महापौर ने निर्देश दिए कि कर्मचारी के लंबित वेतन का जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए और मामले का शीघ्र निराकरण किया जाए।
इस दौरान महापौर ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी को एक जोन से दूसरे जोन में काम के लिए भेजा जाता है, तो इसके लिए लिखित आदेश जारी होना चाहिए, ताकि भविष्य में वेतन भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति न बने।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट करने के निर्देश दिए कि दूसरे जोन में काम करने वाले कर्मचारी का वेतन किस जोन से तैयार होगा और भुगतान की जिम्मेदारी किसकी होगी।जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की वाहन शाखा का ठेका ज्योति ट्रेडर्स के पास है। ऐसे में छह महीने के काम का वेतन लंबित रहने पर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।फिलहाल राकेश शर्मा नगर निगम के जोन क्रमांक 4 में काम कर रहे हैं। महापौर के हस्तक्षेप के बाद उन्हें बकाया वेतन मिलने की उम्मीद जगी है, हालांकि भुगतान की तारीख अभी स्पष्ट नहीं है।बहरहाल अब देखना यह होगा कि महापौर के निर्देशों के बाद कर्मचारी को उसका मेहनताना कब तक मिलता है।



