हॉस्टल संचालक ने की नाबालिग से छेड़छाड़, सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई….

बिलासपुर–सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। मामला एक गर्ल्स हॉस्टल का है, जहां हॉस्टल संचालक ने ही अपने यहां रहने वाली छात्रा के कमरे में घुसकर गलत हरकत की। घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता गर्ल्स हॉस्टल में रहती है और सिलाई का काम करती है। 22 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह काम से लौटकर हॉस्टल पहुंची और खाना खाकर अपने कमरे में सो गई। इस दौरान वह गेट बंद करना भूल गई थी। अगली सुबह करीब 5 बजे हॉस्टल संचालक गुरमीत सिंह (63 वर्ष) कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर भी आरोपी नहीं रुका और जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगा। खुद को बचाने के प्रयास में छात्रा ने उसके हाथ में काट लिया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।

पीड़िता के अनुसूचित जाति वर्ग से होने के कारण पुलिस ने मामले में SC/ST एक्ट के साथ छेड़छाड़ की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निलेश पांडेय और उनकी टीम ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को 23 सितंबर की दोपहर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button