
त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की विशेष तैयारियाँ…. फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें….भीड़ प्रबंधन और 24 घंटे निगरानी व्यवस्था लागू…..महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने लिया जायजा……
बिलासपुर–दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा जैसे प्रमुख त्यौहारों पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और सुचारु संचालन के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने व्यापक इंतज़ाम किए हैं। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से 170 ट्रिप फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस और मेमू/पैसेंजर ट्रेनें चलाई जा रही हैं। साथ ही अन्य रेलवे जोनों द्वारा संचालित 223 ट्रिप विशेष ट्रेनें भी इस क्षेत्र से होकर गुजरेंगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को सुगम बनाने के लिए बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, इतवारी, रायगढ़, शहडोल समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। बिलासपुर स्टेशन पर दो विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहाँ भीड़ नियंत्रण और यात्री सहायता के लिए कर्मचारियों की निरंतर ड्यूटी लगाई गई है। यहाँ यात्रियों के लिए खानपान, पेयजल, बैठने की सुविधा और अन्य आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं।
टिकटिंग में सुविधा प्रदान करने के लिए हैंड-हेल्ड मशीनों से त्वरित टिकट जारी किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिल रही है। स्टेशनों पर ट्रेनों की स्थिति, प्लेटफॉर्म परिवर्तन और अन्य जानकारी के लिए लगातार उद्घोषणाएँ की जा रही हैं। भीड़ प्रबंधन और यात्री सहायता के लिए वाणिज्य, सुरक्षा और अन्य विभागों के कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
मुख्यालय और मंडलों में स्थापित वार रूम से सभी प्रमुख स्टेशनों की व्यवस्थाओं की 24×7 रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नज़र रखी जा रही है।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मुख्यालय स्थित वार रूम से त्योहारी सीजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और बिलासपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने होल्डिंग एरिया, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, टिकट काउंटर और खानपान स्टॉल का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।