
अटल आवास में दंपती की संदिग्ध मौत ने मचाई हलचल—पत्नी बिस्तर पर मृत, पति पंखे से झूला; जांच में जुटी पुलिस….
बिलासपुर –छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने सरकंडा क्षेत्र को सन्न कर दिया। भूकंप अटल आवास स्थित एक घर में पति-पत्नी की संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक दंपती—नेहा उर्फ शिवानी तांबे और उसके पति—दैनिक मजदूरी के साथ लायंस में सफाई कर्मी के रूप में काम करते थे। दोनों के तीन छोटे बच्चे हैं, जो घटना के समय घर में मौजूद नहीं थे।
दोपहर तक जब दोनों बाहर नहीं दिखे, तो पास ही रहने वाली मृतका की मां रीना चिन्ना उन्हें देखने पहुंचीं। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। धक्का देकर जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, तो सामने भयावह दृश्य था—शिवानी बिस्तर पर मृत पड़ी थी, जबकि पति पंखे से लटका मिला।
सूचना पर सरकंडा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर की जांच की। प्रारंभिक जांच में पत्नी के गले पर चोट व दबाव के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि उसकी हत्या की गई, जिसके बाद पति ने खुदकुशी कर ली। पड़ोसियों ने बताया कि दंपती के बीच चरित्र संदेह को लेकर अक्सर विवाद होता था।
घर की दीवार पर लिपस्टिक से एक नाम और मोबाइल नंबर लिखा मिला—
“राजेश विश्वास – 90930 678381”
इसके अलावा एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें पति ने अपनी मौत के लिए इसी व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस अब हर एंगल से मामले की जांच कर रही है—
– क्या यह हत्या के बाद आत्महत्या है?
– सुसाइड नोट में लिखे नाम का विवाद से क्या संबंध है?
– क्या चरित्र संदेह इस चरम कदम का कारण बना?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।




