
कांग्रेस का हल्ला बोल…. बिजली बिल, धान खरीदी व खराब सड़कों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन…..
बिलासपुर– छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते बिजली बिल, धान खरीदी में अव्यवस्था, जर्जर सड़कों और रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि जैसे मुद्दों पर कांग्रेसियों ने नेहरू चौक से कलेक्टोरेट तक पैदल मार्च निकाला।

बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े प्रदर्शनकारी
कलेक्टोरेट के पास पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को रोकने की कोशिश के बावजूद भीड़ उग्र हो गई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने वज्र वाहन और वाटर कैनन का सहारा लिया। पानी की तेज बौछार लगने से जिले के कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी बैरिकेड से नीचे गिर पड़े।

जनता परेशान, सरकार बेख़बर— कांग्रेस
विजय केसरवानी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में आम जनता महंगाई और अव्यवस्था से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल, किसानों की समस्याएँ और खराब सड़कें सरकार की नाकामी को उजागर करती हैं। साथ ही उन्होंने गरीबों की झुग्गियों पर होती कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए सरकार पर जनता-विरोधी होने का आरोप लगाया।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा, ट्रैफिक रूट बदले
CSP निमितेश सिंह ने बताया कि मार्च की घोषणा के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाए गए थे और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया, ताकि आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो।
वाटर कैनन के बीच भी जारी रहा विरोध
तेज पानी की मार के बावजूद कई प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास डटे रहे, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने हालात पर नियंत्रण पा लिया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



