दिनदहाड़े 2.50 लाख की झपटमारी, बाइक सवार बदमाश फरार….सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध युवक…..जिलेभर में नाकाबंदी….

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के रहौद नगर पंचायत में दिनदहाड़े एक पंप ऑपरेटर से 2 लाख 50 हजार रुपये की झपटमारी कर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, पंप ऑपरेटर गोपेश्वर पटेल ने अपनी गिरवी रखी जमीन छुड़ाने के लिए श्याम चंदेल से 2.50 लाख रुपये उधार लिए थे। शुक्रवार दोपहर करीब वे पामगढ़ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा पहुंचे, जहां चेक के माध्यम से पूरी रकम निकाली।

बैंक से लौटते समय उनकी मुलाकात परिचित मिथलेश से हुई, जिसके बाद दोनों साथ में रहौद लौटे। ग्रामीण बैंक के पास रखी साइकिल लेकर गोपेश्वर नकदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल पर टांगकर घर के लिए निकले। इसी दौरान दो तालाबों के बीच स्थित सुनसान रास्ते पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक आरोपी हेलमेट पहने हुए था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि संभावित भागने के रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई है। सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग जारी है और आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button