
मंगला क्षेत्र के गजमोहिनी अपार्टमेंट के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक…..
बिलासपुर– मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट के निचले हिस्से में रविवार सुबह करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि अपार्टमेंट में कुल 48 फ्लैट हैं, हालांकि इनमें कितने परिवार निवास कर रहे हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रॉनिक सामान का बड़ा गोदाम संचालित था। सुबह सबसे पहले नीचे काम कर रहे वर्करों ने धुआं उठते देखा। प्रत्यक्षदर्शी दिनेश कुमार मिश्रा के मुताबिक, शुरुआत में हल्का धुआं दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। वर्करों ने तुरंत सूचना दी, लेकिन जब तक लोग नीचे पहुंचे, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।

मौके पर तत्काल पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और लोगों की संख्या भी कम थी, जिससे शुरुआती प्रयासों में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायर अधिकारियों ने बताया कि गोदाम काफी बड़ा है और अंदर जाने का रास्ता सीमित है। धुएं और गर्मी के कारण अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो रहा था, इसलिए दीवार तोड़कर अंदर तक पहुंचने की कोशिश की गई। अधिकारियों के अनुसार आग पर लगभग काबू पा लिया गया है, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण की प्रक्रिया जारी है।आग से लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



