तेज रफ्तार बस ने ली मासूम की जान…. स्कूल जाते वक्त दर्दनाक हादसा….

तेज रफ्तार बस ने ली मासूम की जान... स्कूल जाते वक्त दर्दनाक हादसा...

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
सुबह करीब 8:30 बजे, साधीपारा पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, साधीपारा निवासी जयवंत पटेल (12 वर्ष), पिता राम किशोर पटेल, भेड़िमुड़ा क्रमांक-2 स्कूल का कक्षा 7वीं का छात्र था। वह रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रतनपुर से पाली जा रही विर्क सुपर बस (CG12X 0440) ने छात्र को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button