
सेवा संकल्प अभियान के पंद्रहवें दिवस विकसित भारत के संकल्प पर विशेष संवाद विकास….आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका पर विधायक धरमलाल कौशिक ने रखे विचार…..
बिलासपुर–बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित “सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान” के पंद्रहवें दिवस का कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती एवं वंदेमातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक विधायक बिल्हा विधानसभा एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में गोल बाजार क्षेत्र व्यापारिक संघ के प्रमुख प्रभात साहू,कृष्ण मोहन पाण्डे एवं मनीष सराफ तथा नवयुवक दुर्गोत्सव समिति, गोल बाजार, बिलासपुर के अध्यक्ष महावीर सिंह ठाकुर एवं उनकी टीम उपस्थित रही। वहीं सराफा अतिथि के रूप में अनिल सेठ वरिष्ठ सराफा साथी,गरिमामयी उपस्थिति रही।

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष कमल सोनी जी ने अपने उद्बोधन में सेवा, सामाजिक सहभागिता एवं व्यापारिक संगठनों की भूमिका पर विचार रखते हुए कहा कि समाज और शहर की प्रगति के लिए सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी सहयोग तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक जी ने अपने संबोधन में विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्तर पर बढ़ती भूमिका तथा विभिन्न क्षेत्रों में देश की क्षमता मजबूत होने से जुड़े विषयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज भारत विकास, तकनीक, अधोसंरचना, अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं को लगातार मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज, व्यापारिक संगठनों, युवाओं एवं प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से संभव होगा। उन्होंने उपस्थित व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों से अपने-अपने क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने और सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान गोल बाजार क्षेत्र के व्यापारिक संगठन, दुर्गोत्सव समिति एवं सराफा समाज के बीच सामाजिक सहभागिता, व्यापारिक समन्वय एवं जनहित से जुड़े विषयों पर भी संवाद हुआ।
कार्यक्रम में पंकज पारेख,जितेंद्र सोनी,अजय सराफ कार्यकारी अध्यक्ष, श्रीकांत पांडे महासचिव, रौनक साव कोषाध्यक्ष, यशवंत वर्मा, सूरज सोनी एवं शशांक स्वर्णकार सहित बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडे ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों तथा उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।



