शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप… गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने उठाए सवाल…..बिलासपुर प्रेस क्लब पहुंचकर सुनाई आपबीती….. पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग….

बिलासपुर– इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्रेम संबंध में बदली। इस दौरान शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी सौरभ कुमार जैन पर लगा है। मामले में पीड़िता का दावा है कि आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़िता ने शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान सौरभ जैन से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच दोस्ती और फिर प्रेम संबंध हो गए। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने और उसके बच्चों को अपनाने का भरोसा दिया था। वर्ष 2024 में आरोपी बिलासपुर आया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद वे पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। पीड़िता के मुताबिक, दोनों परिवार के साथ गोवा, रायपुर और नागपुर सहित कई स्थानों पर भी गए। गणेश चतुर्थी पर आरोपी ने उसके परिवार के साथ पूजा भी की थी। हालांकि, बाद में शादी की बात पर आरोपी कथित तौर पर मुकर गया।

पीड़िता ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में गई थी, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका। महिला का आरोप है कि इसके बाद उसे फोन और मैसेज के जरिए धमकियां मिलने लगीं। उसने इनकी जानकारी भी पुलिस को दी है।

पीड़िता के मुताबिक, वह थाना प्रभारी, सीएसपी और एसएसपी से कई बार मिलकर कार्रवाई की मांग कर चुकी है। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद उसे अब तक अपेक्षित परिणाम नहीं मिला है। उसका दावा है कि आरोपी के तीन मोबाइल नंबर सक्रिय हैं और उनकी लोकेशन लखनऊ में मिल रही है। उसने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे न्याय के लिए लगातार भटकना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button