मोबाइल झपटमारी कर फर्जी UPI से रकम उड़ाने वाले 3 आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार….. पूरी राशि और मोबाइल बरामद….

बिलासपुर– सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर मोबाइल झपटने और फर्जी तरीके से UPI कोड बनाकर बैंक खाते से पैसे निकालने वाले तीन आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कैसे दिए वारदात को अंजाम…...?
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को प्रार्थिया ने थाना सकरी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 12 बजे उनका देवर रितिक यादव कमरे में लेटकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर के भीतर घुसे और मोबाइल झपटकर फरार हो गए। आरोपियों ने मोबाइल में लगे सिम (नंबर *******618) को दूसरे फोन में डालकर फर्जी तरीके से नया UPI कोड तैयार किया और खाते से पैसे निकाल लिए।

मुखबिर की सूचना और पूछताछ में खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि कोटा क्षेत्र के गनियारी निवासी विक्की वर्मा का प्रार्थिया के घर आना-जाना था और उसे खाते में 4-5 लाख रुपये होने की जानकारी थी।

पुलिस ने विक्की वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह पहले गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि अपने साथियों बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर उसने योजना बनाई और रात 12 बजे घर में घुसकर मोबाइल झपटा तथा सिम बदलकर फर्जी UPI के जरिए रकम ट्रांसफर की।

गिरफ्तार आरोपी:

  • बलराम पिता स्वॉलन वर्मा (उम्र 23 वर्ष), निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर
  • विक्की पिता रज्जु वर्मा (उम्र 34 वर्ष), निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर
  • संदीप वर्मा पिता दिलीप वर्मा (उम्र 32 वर्ष), निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला और ये रहे टीम में शामिल
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1090/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 304(2), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) के तहत कार्रवाई की गई है। उनकी निशानदेही पर झपटा गया मोबाइल, टूटा सिम और निकाली गई रकम जब्त कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, प्रउनि टीकाराम निषाद, सउनि सुरेंद्र तिवारी, प्रआर लक्षमीकांत कश्यप, आरक्षक पवन बंजारे, मनोज बघेल, रामचंद्र कश्यप और महिला आरक्षक विनिषा पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button