प्रेस क्लब को मिला आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल……… अध्यक्ष अजीत मिश्रा की पहल लाई रंग……..

बिलासपुर/ शहर के पत्रकारों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में बिलासपुर प्रेस क्लब के राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित सुसज्जित कॉन्फ्रेंस हॉल का लोकार्पण 12 अप्रैल को शाम 6:00 बजे किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक करेंगे।
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी और सभापति विनोद सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
करीब 30 लाख रुपये की लागत से नगरीय कल्याण विभाग द्वारा किए गए इस जीर्णोद्धार कार्य ने प्रेस क्लब को एक नई पहचान दी है। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह कॉन्फ्रेंस हॉल अब पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का एक मजबूत और प्रभावी मंच बनेगा।
इस पूरे कार्य में प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही है। उनके नेतृत्व और सतत प्रयासों के चलते ही यह महत्वाकांक्षी परियोजना साकार हो सकी। उन्होंने न केवल शासन से सहयोग सुनिश्चित कराया, बल्कि यह भी ध्यान रखा कि हॉल आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो, जिससे पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस हॉल पत्रकारों और समाज के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाएगा। उनके इस दूरदर्शी प्रयास की पत्रकार जगत में व्यापक प्रशंसा हो रही है।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।




