
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने क्षेत्रीय निरीक्षण की बनाई रूपरेखा….स्वच्छ भारत एवं स्मार्ट सिटी मिशन की प्रगति की समीक्षा…..
बिलासपुर–आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली में संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) एवं स्मार्ट सिटीज मिशन (एससीएम) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में दोनों प्रमुख योजनाओं के अंतर्गत चल रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्राप्त उपलब्धियों एवं निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई। साथ ही, क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों तथा राज्यों के स्तर पर लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान पर बल दिया गया, ताकि परियोजनाओं की गति बनी रहे और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित हो सके।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुई प्रगति की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 2,400 से अधिक पुराने कचरा स्थलों पर लगभग 16.90 करोड़ मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। साथ ही, देश में उत्पन्न कुल ठोस अपशिष्ट का लगभग 81.6 प्रतिशत प्रसंस्करण किया जा रहा है। 98,164 वार्डों में से 97 प्रतिशत वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया गया है तथा 89 प्रतिशत वार्डों में स्रोत पर कचरा पृथक्करण लागू किया जा चुका है।
स्मार्ट सिटीज मिशन के अंतर्गत भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। देश के 100 स्मार्ट शहरों में लगभग ₹1.56 लाख करोड़ की लागत से 7,793 परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं, जिससे शहरी अवसंरचना, सेवा वितरण एवं नागरिक जीवन की गुणवत्ता में व्यापक सुधार हुआ है।
मंत्री श्री साहू ने आगामी सप्ताहों में देश के 7–8 राज्यों के विभिन्न शहरों में स्वच्छ भारत मिशन एवं स्मार्ट सिटीज मिशन के जमीनी स्तर पर क्षेत्रीय निरीक्षण करने की योजना पर भी चर्चा की। इन निरीक्षणों के माध्यम से राज्य सरकारों, शहरी निकायों एवं अन्य हितधारकों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन, चुनौतियों की पहचान एवं उनके त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।




