
शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम…..सोते हुए अपने पति पर किया हमला……गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती…..घरेलू विवाद ने लिया हिंसक मोड़……
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक खबर निकलकर सामने आ रही है।जहां पर महिला ने अपने पति पर जानलेवा हमला कर दिया।दरअसल पूरा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।जहां पर घरेलू प्रताड़ना और आए दिन होने वाले विवाद से परेशान एक महिला ने अपने पति पर देर रात हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि गंभीर रूप से घायल पति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार चकरभाठा बस्ती निवासी राजेश कौशिक शराब सेवन का आदी बताया जा रहा है। परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक वह अक्सर अपनी पत्नी द्रोपती कौशिक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और विवाद करता था। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध होने की बात भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात जब राजेश घर में सो रहा था, उसी दौरान पत्नी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से राजेश की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने तत्काल घायल राजेश को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने घरेलू प्रताड़ना और लगातार हो रही मारपीट से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना….
इस घटना के सामने के आने के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि इनका यह मामला इस हद तक पहुंच जाएगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।


