
करही गोलीकांड का मास्टरमाइंड आरोपी गनपत बघेल गिरफ्तार…..उधारी और रेत कारोबार की रंजिश बनी हत्या की वजह….
बिलासपुर–करही गोलीकांड मामले में फरार आरोपी और मास्टरमाइंड को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। है।जहां आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन भी बरामद कर जब्त किया गया। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक ताकत, रेत कारोबार में बढ़ता प्रभाव, उधारी विवाद और व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची थी।
23-24 अप्रैल 2026 की रात करही गांव में नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसके छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। वारदात से पहले आरोपियों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद कर दिया था।
पुलिस ने मामले की जांच में 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर और आसूचना टीम की मदद से TECHINT और HUMINT इनपुट जुटाए, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में आरोपी गनपत बघेल ने बताया कि अवैध रेत कारोबार में आयुष कश्यप कम कीमत पर रेत बेचकर उसके ग्राहकों को अपनी ओर कर रहा था, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश और प्रतिशोध में साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची गई।
मामले में पुलिस की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।



