
भवानी ढाबा मारपीट का मुख्य आरोपी चाकू सहित गिरफ्तार…..सीसीटीवी मे कैद पूरी घटना….सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई….
बिलासपुर-सकरी थाना क्षेत्र के भवानी ढाबा में हुई मारपीट और धमकी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमीत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू भी बरामद किया गया, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।
पुलिस के मुताबिक 25 मई को हर्ष पटेल अपने दोस्तों के साथ भवानी ढाबा खाना खाने गया था। इसी दौरान आरोपी सुमीत यादव ने आदित्य साहू के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी अपने 6-7 साथियों के साथ डंडा, पाइप और पत्थर से हमला करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने प्रार्थी का मोबाइल भी पटककर तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की शिकायत पर सकरी थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमीत यादव को ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसके पास से धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं पुलिस ने ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी समेत कार्रवाई में व्यवधान डालने पहुंचे उमेश शर्मा और निशान गुप्ता के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में इस्तगासा पेश किया है।



