पेपर लीक को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ता ने किया प्रदर्शन….सांसद बंगले के घेराव करने के पहले पुलिस ने किया हल्का बल और वाटर केनन का प्रयोग……

बिलासपुर–नीट पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को नेहरू चौक में एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जमकर अपना विरोध जताया।इस विरोध में कांग्रेस के विधायक और उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे। सांसद तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन अपनी पूरी तैयारी के साथ खड़े नजर आए।हालात तब बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर सांसद निवास की ओर बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और इसी दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया।
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर एक तरफ छात्र और युवा नारेबाजी करते हुए नजर आए, तो दूसरी तरफ पुलिस बल उन्हें रोकने में जुटा था। कुछ देर के लिए पूरा इलाका आंदोलन, नारेबाजी और पुलिस कार्रवाई का केंद्र बन गया। पेपर लीक के खिलाफ एनएसयूआई ने पहले से सांसद तोखन साहू के निवास घेराव का ऐलान किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता एकत्र हुए और रैली के रूप में सांसद निवास की ओर कूच किया।
प्रशासन भी पहले से अलर्ट था, सांसद निवास तक जाने वाले मार्ग पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि प्रदर्शनकारी किसी भी स्थिति में सांसद निवास तक न पहुंच सकें।
बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस से हुई सीधी भिड़ंत
जैसे ही रैली बैरिकेडिंग तक पहुंची, कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए तो कुछ ने उसे हटाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।देखते ही देखते हालात धक्का-मुक्की तक पहुंच गए। कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ना चाहते थे, जबकि पुलिस उन्हें पीछे धकेलने में लगी थी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक कुछ मिनटों तक स्थिति पूरी तरह तनावपूर्ण बनी रही।
वाटर कैनन की बौछारों…..
जब प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और लगातार आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे, तब पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। तेज पानी की बौछारों के बीच कार्यकर्ताओं को पीछे धकेलने की कोशिश की गई।
वाटर कैनन चलने के बाद कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बनी। हालांकि प्रदर्शनकारी पीछे हटने के बाद भी सड़क पर डटे रहे और नारेबाजी जारी रखी।

घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर अनावश्यक बल प्रयोग का आरोप लगाया। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा कारणों से आवश्यक कदम उठाए गए।

Related Articles

Back to top button