
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने वाला 5 हजार का ईनामी आरोपी गिरफ्तार…..
बिलासपुर–महिला संबंधी मामले में कार्रवाई करते हुए सरकंडा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय कुमार बघेल (26 वर्ष) निवासी पौसरा, थाना कोनी, बिलासपुर ने युवती को शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर आरोपी ने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में सामाजिक स्तर पर शादी का आश्वासन देने के बावजूद आरोपी अपने वादे से मुकर गया और फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। करीब तीन महीने से फरार आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नागपुर के एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



